हृदय रेखा – भाग 3 

Posted by

हृदय रेखा (Heart Line) के अतिरिक्त हाथ के अन्य कई पहलू और भी रहते हैं जिनसे किसी भी व्यक्ति की भावनाओं (Emotions) का पता चलता है। कुछ पहलुओं की चर्चा हम इस लेख में करेंगे। 

कई बार व्यक्ति के हाथ में हथेली (Palm) के ठीक मध्य (Center) में एक गड्ढा-सा (Hole) बना हुआ नजर आता है तब यह गड्ढा व्यक्ति विशेष के जीवन में असंतोष अथवा खालीपन को दिखाता है लेकिन किसी व्यक्ति के बाईं हथेली (Left Palm) में तो यह नजर आ रहा है परन्तु दाईं हथेली (Right Palm) में नजर नहीं आता है तब इसका अर्थ है कि समय के साथ व्यक्ति में भावनात्मक संतोष के साथ अकेलापन भी दूर हो गया हैं जिससे अब वह सुखमय जीवन व्यतीत कर रहा है या आने वाले कुछ समय में कर लेगा। 

जिनके हाथ में शुक्र (Venus) व चंद्र (Moon) पर्वत संतुलित (Balanced) हैं, हथेली की त्वचा (Skin) की रंगत  भी गुलाबी (Pink) आभा लिए और हाथ कुछ चमकदार या त्वचा लचीली (Soft) है तब ऐसे व्यक्ति दूसरों के प्रति संवेदनशील (Emotional) होते है, सदा खुश रहने वाले होते हैं, दया भावना रहती है और अन्य लोगों के साथ का भी आनंद लेते हैं। 

कुछ लोग आजीवन विवाह नहीं करते हैं क्योंकि उन्हें समाज सेवा में ही आनंद आता है और आजीवन मानव सेवा में खुद को समर्पित कर देते हैं तब ऐसे व्यक्तियों की हथेली में शुक्र पर्वत पर स्नेह रेखाओं (Affection Lines) का अभाव पाया जाता है। अविवाहित रहने से शुक्र पर्वत पर इन स्नेह रेखाओं का अभाव रहता है क्योंकि उनका सारा प्यार मानवता (Humanity) के लिए रहता है। ऐसे व्यक्तियों के हाथ में बुध पर्वत के नीचे जो स्नेह रेखाएं (इन्हें कुछ लोग विवाह रेखा भी कहते हैं) होती हैं वो अकसर ऊपर की तरफ अँगुलियों की ओर मुड़ जाती हैं। 

अगर हाथ में ह्रदय रेखा के ऊपर क्रॉस का निशान बन जाता है तब यह अच्छा या शुभ नहीं माना जाता है लेकिन ह्रदय रेखा पर और गुरु पर्वत (Jupiter Mount) के नीचे यह क्रॉस शुभ माना गया है। पूरी हथेली में केवल गुरु पर्वत पर ही इसे अच्छा माना गया है। यहाँ पर प्रेम संबंधों में एक सुखमय समय को यह बताता है और वैवाहिक जीवन में भी भावनात्मक संतोष रहता है। 

अगर किसी व्यक्ति की ह्रदय रेखा अंत में गुरु पर्वत के नीचे एक पंखे के जैसे फैलाव ले लेती है या पूंछ जैसी नजर आती है तब ऐसे व्यक्ति अत्यधिक खुशमिजाज स्वभाव के होते हैं, स्वभाव भी अच्छा रहता है और लव-रिलेशन में एक अच्छा तालमेल (Harmony) बनाकर चलने वाले होते हैं। 

अगर ह्रदय रेखा पर त्रिकोण (Triangle) अथवा त्रिभुज जैसी आकृति बन जाती है तब यह अत्यधिक सुखमय समय का संकेत है अर्थात प्रेम संबंध ख़ुशी और सुख प्रदान करने वाले रहेगें। 

अगर हृदय रेखा में कहीं पर भी वर्ग (Square) बन जाता है तब जिस आयु खंड में यह वर्ग बन रहा है, उस समय यह वर्ग व्यक्ति को भावनात्मक आघात से उबरने में अत्यधिक सहायक सिद्ध होता है। प्रेम संबंधी किसी भी संकट से बाहर निकालने में सहायक होता है।